अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने ग्राम पंचायत सन्याडी मोड़ के गांव पनसोड़ा में आयोजित सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ कर आत्मनिर्भर हिमाचल के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास ही प्रदेश की आर्थिक मजबूती का आधार है। कृषि, बागवानी एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्राम स्तर तक सड़क नेटवर्क सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि से दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिला है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी अहम कदम है। वर्ष 2026-27 के बजट में समर्थन मूल्य में और वृद्धि की संभावना है। प्राकृतिक खेती के तहत गेहूं, हल्दी और मक्का के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है, जबकि अदरक के लिए भी समर्थन मूल्य घोषित करने का विषय मुख्यमंत्री व कृषि मंत्री के समक्ष उठाया गया है। विधायक ने बताया कि अर्की विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश को महत्वपूर्ण खनन निधि प्राप्त होती है। वर्ष 2021 के बाद इस निधि से विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि मिलनी आरंभ हुई है और पहले वर्ष में ही 24 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि गत तीन वर्षों में ग्राम पंचायत सन्याडी मोड़ में लगभग 75 लाख रुपये विकास कार्यों पर व्यय किए गए हैं। नालसू नाला से जावल संपर्क मार्ग के लिए 16.50 लाख रुपये, लिली फार्म से पनसोड़ा होते हुए चाम्बा गांव तक मार्ग निर्माण के लिए 27 लाख रुपये (पूर्व में 19 लाख रुपये स्वीकृत), चाम्बा गांव संपर्क मार्ग के लिए 20 लाख रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त पनसोड़ा, चाम्बा व कुणकुणू गांव में मोक्षधाम के लिए एक-एक लाख रुपये, गांव छामला चलेरनी में पेयजल टैंक के लिए 6.80 लाख रुपये तथा जठोथ संपर्क मार्ग के लिए आकलन अनुसार धनराशि प्रदान करने की घोषणा की गई। कोठी गांव में वोल्टेज समस्या के समाधान के निर्देश भी दिए गए। महिला मंडल पनसोड़ा, छामला, जठोह व चाम्बा को 21-21 हजार रुपये तथा महिला मंडल पनसोड़ा भवन निर्माण हेतु औपचारिकताएं पूर्ण होने पर प्रथम चरण में 2 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। युवक मंडल पनसोड़ा को 11 हजार रुपये देने की भी घोषणा की गई। इस अवसर पर अम्बुजा-दाड़ला-कसलोग-माँगू परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला, उपप्रधान जय सिंह ठाकुर, बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के नरेश अवस्थी, संजय ठाकुर, राजेन्द्र, कपिल ठाकुर, शकुंतला शर्मा, कृष्ण देव शर्मा, हीरामणि शर्मा, मनसा राम, हेतराम, कांग्रेस सेवादल अर्की के अध्यक्ष जयप्रकाश, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के सहायक अभियंता बेलीराम कश्यप, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेमलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला मंडल, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।





