हिमाचल आजतक(ब्युरो)
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के प्रचार प्रसार का जिम्मा संभालने वाली कांग्रेस की नेत्री अलका लांबा अब दिल्ली के कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ रही है। ऐसे में प्रदेश में उनके साथ काम कर चुके नेता दिल्ली में उनके लिए चुनाव प्रचार में उतरे हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू भी दिल्ली में चुनाव प्रचार में उतरे हैं तो वहीं उनके साथ प्रदेश के दूसरे नेता भी वहां प्रचार कर रहे हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के को-ऑर्डिनेटर और अलका लांबा के साथ अटेच रहे अनिल गोयल भी इन दिनों कालका जी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। पिछले करीब एक सप्ताह से वह चुनाव प्रचार में जुटे हैं और उनका कहना है कि कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी सशक्त है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में इस बार आम आदमी पार्टी को बड़ा नुकसान होगा। क्योंकि पहले कांग्रेस पार्टी यहां पूरी तरह से मैदान में नहीं उतरी थी मगर अब कांग्रेस ने मोर्चा संभाल लिया है। पूर्व में दिल्ली कांग्रेस का गढ़ रही है और भविष्य में भी ऐसा ही होगा। अनिल गोयल को अखिल भारतीय कांग्रेस ने दिल्ली चुनाव में भी अहम जिम्मेदारी दी है जो वहां चुनावी समन्वय का काम देख रहे हैं। 5 फरवरी को दिल्ली में मतदान होना है और 8 फरवरी को रिजल्ट आएगा। गोयल का कहना है कि दिल्ली में कांग्रेस अपनी सरकार बनाएगी और यहां का माहौल कांग्रेस के पक्ष में है। गोयल के साथ संजीता चौहान,अंकिता वर्मा भी उपस्थित रही