कुनिहार
अक्षरेश शर्मा
कुनिहार क्षेत्र में विकराल हो रही यातायात समस्या का समाधान निकालने हेतु स्थानीय व्यापार मंडल व पुलिस प्रशासन के बीच एक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ट्रैफिक को सुचारू रूप से संचालित कैसे किया जाए इस पर विचार विमर्श हुआ। कुनिहार क्षेत्र प्रदेश का एक बड़ा व्यापारिक केंद्र बन चुका है तथा प्रतिदिन दूर-दराज के क्षेत्रों से सैंकड़ों लोग अपनी रोज़मर्रा की खरीददारी को यहां पर आते हैं। बाहरी वाहनों को पार्किंग सुविधा न होने के कारण उन्हें अपने वाहन सडक़ के दोनों छोर पर खड़े करने पड़ते हैं। कमोबेश यहीं हाल बीच वाले बाजार का है। पंचायत क्षेत्र होने के कारण सारा दिन वाहनों का आवागमन लगा ही रहता है। पुलिस के सख्त व्यावहार के कारण व्यापारी वर्ग व पुलिस कर्मियों में कई बार तीखी तकरार भी हो चुकी है। इन सब बातों पर सहमति बनाने के लिए व्यापार मंडल कुनिहार व पुलिस प्रशासन में गत दिन कुनिहार में एक बैठक आयोजित की गई थी।
बैठक में व्यापारी समुदाय से सतीश मित्तल,, लक्की झांजी, धीरज गकुर, कुलदीप कंवर, रूमित ठाकुर, राजेंद्र नंबरदार, नरेंद्र मांगा, हितेश, रिजुल, अमित, इत्यादि कई अन्य लोगो के साथ थाना प्रभारी मोती सिंह भी मौजूद थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि स्थानीय व्यापारी अपने-अपने वाहन दुकानों के आगे कम से कम लगायें ताकि बाहर से आने वाले ग्राहकों को सडक़ के दोनो तरफ अपने वाहन लगाने के लिए जगह मिल सके। बाईक पर तेज गति से चलने व हेल्मेट का प्रयोग न करने वालों की पर सख्ती करने का निर्णय लिया। मुख्य सडक़ पर दो दोनो छोर पर लोक निर्माण विभाग को यैलो लाईन लगाने के लिए लिए अनुरोध करने का निर्णय लिया गया। सोलन पुलिस अधीक्षक से क्षेत्र में एक पुलिस कर्मी व एक होम गार्ड जवान को सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नियुक्तियां करने का अनुरोध किया गया। एस एच ओ मोती सिंह ने कहा कि पुलिस व व्यापारी वर्ग के सहयोग से ही क्षेत्र में विकराल हो रही यातायात व्यवस्था को सुचारू किया जा सकता है तथा मुख्य मार्ग पर येलो लाइन लगने के बाद कोई भी अवरोध उत्पन्न होने पर चालान किया जायेगा।




