December 15, 2025 11:16 am

प्लानिया आंगनवाड़ी केंद्र में विश्व स्तनपान पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

[adsforwp id="60"]

अर्की

विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के उपलक्ष्य में प्लानिया आंगनवाड़ी केंद्र में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. विजय कुमार शांडिल, काउंसलर, एचआईवी काउंसलिंग एवं टेस्टिंग सेवाएं, सिविल अस्पताल अर्की, ने उपस्थित महिलाओं को स्तनपान के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छह माह तक केवल स्तनपान कराना शिशु के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी है।

उन्होंने कोलोस्ट्रम (पहला गाढ़ा पीला दूध) को शिशु का पहला टीका बताया और समझाया कि यह बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। साथ ही स्तनपान से मां को भी कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं, जैसे स्तन कैंसर का जोखिम कम होना, प्रसवोत्तर रक्तस्राव में कमी और मां-बच्चे के बीच गहरा भावनात्मक संबंध बनना।

इस अवसर पर महिलाओं को स्तनपान से जुड़ी सावधानियों, कार्यस्थल पर स्तनपान के समर्थन, पोषण अभियान की भूमिका, तथा स्तनपान में आने वाली चुनौतियों से निपटने के उपायों की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्थानीय महिलाओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं को सही जानकारी प्रदान कर उन्हें स्तनपान को अपनाने एवं प्रोत्साहित करने की दिशा में सशक्त बनाना रहा।

Leave a Reply