November 17, 2025 5:52 pm

दाड़लाघाट के प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री पुर्नेश्वर महादेव मंदिर में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा शुक्रवार को भक्ति और उत्साह के माहौल में हुई संपन्न

[adsforwp id="60"]

दाड़लाघाट

दाड़लाघाट के प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्री पुर्नेश्वर महादेव मंदिर में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा शुक्रवार को भक्ति और उत्साह के माहौल में संपन्न हो गई। इस पावन कथा का आयोजन ब्रह्मलीन नागा बाबा श्री वैष्णो गिरी जी महाराज की दशम पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में किया गया। आयोजन का श्रेय श्री शंभू पंचदशनाम आवाहन अखाड़ा के संतों तथा पुर्नेश्वर मंदिर के बाबा जयदेव गिरि को जाता है। क्षेत्रवासियों ने भी कथा के सफल आयोजन में भरपूर योगदान और सहयोग दिया। नौ दिनों तक कथा व्यास आचार्य मनी राम शास्त्री ने प्रभु श्रीराम के जीवन और आदर्शों का रसपूर्ण वर्णन किया। अंतिम दिवस उन्होंने हनुमान जी की अशोकवाटिका में माता सीता से भेंट,लंका दहन,राम-रावण युद्ध और 14 वर्षों के वनवास के बाद श्रीराम के अयोध्या लौटने तथा राजतिलक जैसे प्रसंगों का विस्तार से उल्लेख किया। आचार्य मनी राम शास्त्री ने अपनी व्यंग्यात्मक शैली से श्रोताओं का मनोरंजन करते हुए समाज को सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा सनातन धर्म और हिन्दू संस्कृति के शाश्वत मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। कथा के दौरान उन्होंने चौपाइयां और भजन प्रस्तुत किए, जिन पर श्रद्धालु झूम उठे और पंडाल भक्ति गीतों से गूंज उठा। कथा समापन से पूर्व मंदिर प्रांगण में श्रीरामायण पाठ और हवन का आयोजन किया गया। इसमें बाबा जयदेव गिरी जी महाराज,पंचदशनाम आवाहन अखाड़े से आए साधु-संतों,मंदिर प्रबंधन समिति एवं श्रीराम कथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों सहित सत श्री बाडूबाड़ा देवता प्रबंधन समिति के प्रतिनिधियों और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आहुति डाली। कथा समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भव्य भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा,भाजपा नेता बालक राम शर्मा,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लाला शंकर,मोहन सिंह ठाकुर,पूर्व खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी धनी राम चौधरी,भीम चंद कश्यप सहित कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply