बागा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रूगघाटी से करीब 200 मीटर आगे बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक महिला व कार चालक की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार एक सैनट्रो कार नंबर एचपी-63ए-0242 गहरी ढांक में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और ढांक में उतरकर तलाश की। वहां एक महिला का शव मिला,जबकि करीब 500 मीटर नीचे एक पुरुष का शव भी बरामद हुआ। दोनों शवों को स्थानीय लोगों की मदद से सड़क तक लाया गया। कार मालिक नगीन चन्द ने पुलिस को बयान दर्ज करवाया कि मृतक चालक कमलु खारसी में उसके मकान में रहता था और उसी की गाड़ी चलाता था। देर रात शालुघाट कैमरे में यह कार कंधर की ओर जाती दिखाई दी थी। इसके बाद तलाश करने पर हादसे का पता चला। मृत महिला की पहचान उसके पति सुखराम ने अपनी पत्नी नीलम के रूप में की। बताया जा रहा है कि यह हादसा चालक की लापरवाही व तेज रफ्तार के कारण हुआ है। मामले की पुष्टि डीएसपी दाड़लाघाट संदीप शर्मा ने की है।





