पंचायत ग्याणा के सामुदायिक स्वास्थ्य समिति कश्यालू तथा अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट के सौजन्य से महर्षि मार्कण्डेश्वर हॉस्पिटल सोलन द्वारा रविवार को प्राइमरी स्कूल कश्यालू के प्रांगण में एक निःशुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत कशलोग लाइम स्टोन माइंस (आईबीएम) अंबुजा सीमेंट लिमिटेड के समन्वय से आयोजित किया गया। स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य हीरा कौशल, सहज राम, ओम प्रकाश भाटिया और चंपा बंसल ने किया। इस मेगा हेल्थ कैंप में स्त्री रोग विशेषज्ञ, आंख रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ, एम.डी. फिजिशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं अन्य चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क परामर्श दिया गया। साथ ही ई.सी.जी., रक्त जांच और दवाएं भी निःशुल्क प्रदान की गईं। इस शिविर में कुल 125 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। जियोलॉजिस्ट, कशलोग लाइम स्टोन माइंस अंबुजा सीमेंट लिमिटेड बृजेश शर्मा ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन स्वास्थ्य जागरूकता के लिए सराहनीय पहल है। महर्षि मार्कण्डेश्वर हॉस्पिटल सोलन डॉ. कविराज ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचाना समिति का मुख्य उद्देश्य है। वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट संजय शर्मा ने बताया कि कश्यालू गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य समिति के गठन का मकसद ग्रामीण समुदाय को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। हीरा कौशल ने इस पहल को सार्थक बताते हुए कहा कि ग्राम स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र और स्वास्थ्य शिविर में लोगों की भागीदारी स्वास्थ्य सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वास्थ्य परियोजना समन्वयक अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट अजीत कुमार सिंह ने सामूहिक भागीदारी एवं स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सहज राम, ओम प्रकाश भाटिया, नरेंद्र बंसल, सुनीता देवी, पूजा रानी, स्वास्थ्य सखी सुनीता देवी, बिमला शर्मा, लता बंसल, सावित्री बंसल, कांता, सीमा, हेमा, संगीता शर्मा, विक्रमजीत सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।






