अर्की

उपमण्डल की देवरा पंचायत के गांव जखौली में दो दिवसीय माँ दुर्गा अष्टमी मेले का गत रात्रि सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम के साथ शुभारंभ हुआ। इस मौके पर युवा कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश ठाकुर (विक्की) ने बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। वही नया सवेरा जन कल्याण समिति अर्की के अध्यक्ष एडवोकेट भीम सिंह ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय पंचायत के प्रधान रूप सिंह ठाकुर ने की। मेला कमेटी की ओर से मुख्यतिथि व विशेष अतिथि को शॉल टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्यतिथि सतीश ठाकुर ने अपने सम्बोधन में नवरात्रों की बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के मेलों का आयोजन होना आपसी भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से जहाँ बच्चों को एक मंच प्रदान होता है,वहीं एक दूसरे से सीखने का मौका भी मिलता है। उन्होने कहा कि ऐसे आयोजनों में हम सभी को सहयोग कर अपनी संस्कृति के सरक्षंण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने अपनी ओर से मेला कमेटी को 11 हज़ार रुपए की राशि भेंट की। वहीं विशेष अतिथि भीम सिंह ठाकुर ने कहा कि बच्चों के जीवन में माता-पिता व गुरुजनों का अहम योगदान रहता है। उनके मार्गदर्शन में बच्चे अच्छी शिक्षा व संस्कार ग्रहण कर अपने लक्ष्य को हासिल करते है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आग्रह किया व खेलकूद में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने अपनी ओर से मेला कमेटी को 5100 रुपये की राशि प्रदान की। मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में युवक मंडल कोखडी व जखौली के बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदीप शर्मा,महेंद्र शर्मा,राकेश कुमार,मोहन शर्मा,राकेश गौतम,शर्मिला गौतम,रीता ठाकुर,कमल ठाकुर,रोशनी भारद्वाज,सत्या शर्मा व हेमन्त ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





