मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दाड़लाघाट आगमन से महज एक घंटा पहले स्थानीय एसबीआई बैंक के पास सड़क के गड्ढों को मिट्टी डालकर भरा गया। यह वही सड़क है जो पिछले कई महीनों से बदहाल हालत में थी, लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के ये गड्ढे लंबे समय से वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए थे। कई बार शिकायतों के बावजूद लोक निर्माण विभाग की नजर इस पर नहीं पड़ी। मगर जैसे ही मुख्यमंत्री का एक दिवसीय दौरा तय हुआ, विभाग ने आनन-फानन में मिट्टी डालकर गड्ढों को अस्थायी रूप से भर दिया। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या सड़क मरम्मत केवल वीआईपी मूवमेंट के समय ही जरूरी मानी जाती है? लोगों का कहना है कि आम जनता के लिए स्थायी सुधार की दिशा में कदम उठाना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।



