January 23, 2026 5:11 pm

युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर रॉबिन कंवर ने ट्रक मालिकों और परिवहन संचालकों के लिए ट्रुक्सो (Trucxo) मुख्यमंत्री से करवाइ लॉन्च

[adsforwp id="60"]

दाड़लाघाट के युवा सॉफ्टवेयर इंजीनियर रॉबिन कंवर सुपुत्र राजेंद्र सिंह कंवर ने ट्रक मालिकों और परिवहन संचालकों के लिए एक अभिनव मोबाइल अनुप्रयोग ट्रुक्सो (Trucxo) तैयार किया है। यह ऐप विशेष रूप से छोटे और बड़े ट्रक मालिकों तथा वाहन बेड़ा संचालकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इस ट्रुक्सो ऐप का लोकार्पण मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दाड़लाघाट में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, अर्की विधायक संजय अवस्थी और दून विधायक राम कुमार भी उपस्थित रहे। रॉबिन कंवर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट एडवर्ड स्कूल, शिमला से प्राप्त करने के बाद एस.आर.एम. विश्वविद्यालय, चेन्नई (तमिलनाडु) से वर्ष 2023 में बी.टेक. की उपाधि हासिल की। तीन वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुभव और तकनीकी प्रयोग के बाद उन्होंने यह अनुप्रयोग विकसित किया है। इस मोबाइल अनुप्रयोग में जीपीएस (ग्लोबल पोज़िशनिंग सिस्टम) आधारित वास्तविक समय ट्रैकिंग, मार्ग इतिहास, गति व मूवमेंट अलर्ट तथा रिपोर्टिंग जैसी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। इसके माध्यम से ट्रक मालिक यह जान सकेंगे कि उनका वाहन किस स्थान पर है, किस मार्ग से जा रहा है, उसकी औसत गति क्या रही और दिनभर में किन-किन गतिविधियों का संचालन हुआ। इन सभी जानकारियों से संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा निर्णय प्रक्रिया अधिक सटीक और सुगम होगी। रॉबिन कंवर ने बताया कि तीन साल की मेहनत का उद्देश्य यही था कि हर ट्रक मालिक चाहे वह छोटा हो या बड़ा एक सरल, भरोसेमंद और किफ़ायती डिजिटल उपकरण के माध्यम से अपने वाहनों की पूरी जानकारी पा सके। हमारा लक्ष्य है कि परिवहन संचालन में समय और लागत दोनों की बचत हो। ट्रुक्सो के माध्यम से खाली लौटने वाली यात्राएँ (रिटर्न ट्रिप्स) कम होंगी, बैकलोड (वापसी ट्रिप्स), बेहतर मार्ग नियोजन संभव होगा और ईंधन की बचत होगी। साथ ही इस प्लेटफ़ॉर्म के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे, जैसे ट्रैकिंग सहायता, ग्राहक सेवा, आँकड़ा प्रविष्टि और क्षेत्रीय संचालन दल में कार्य के अवसर इससे हिमाचल प्रदेश के परिवहन क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा और मजबूती मिलेगी। रॉबिन कंवर अब ट्रुक्सो को और अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। वे निकट भविष्य में इसमें नए फीचर, लचीला सदस्यता मॉडल और प्रदेश स्तर पर स्मार्ट परिवहन नेटवर्क स्थापित करने की योजना पर काम कर रहे हैं, ताकि हिमाचल प्रदेश के ट्रकिंग क्षेत्र को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply