चंडी
पवन कुमार सिंघ
वी एस एल एम कॉलेज ऑफ एजुकेशन, चंडी में आज खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरमीत सिंह और समाजसेवी तथा कॉलेज सचिव श्री चंद्र मोहन शर्मा ने मिलकर “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक रहें और दूसरों को भी इसके नुकसान से बचाने में मदद करें। डॉ. गुरमीत सिंह ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर इसे तंबाकू मुक्त परिसर घोषित करने की योजना की जानकारी दी और बताया कि यह कदम युवाओं में तंबाकू के सेवन के प्रति चेतना बढ़ाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि तंबाकू की लत से न केवल स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि यह सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डालता है। यह 60 दिन का अभियान 9 अक्टूबर से शुरू होकर 8 दिसंबर 2025 तक चंडी ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और पंचायतों में लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की समस्याओं के प्रति सचेत करना है। तंबाकू कंपनियों द्वारा युवाओं को लक्षित करने वाले विज्ञापनों और रणनीतियों के प्रति सतर्क करना भी अभियान का लक्ष्य है।
अभियान के दौरान जागरूकता कार्यक्रम, पोस्टर, सेमिनार और शैक्षिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, ताकि युवाओं और आम जनता को इस खतरे के बारे में पूरी जानकारी मिल सके। डॉ. गुरमीत सिंह ने कहा “युवा हमारे देश का भविष्य हैं। उन्हें तंबाकू जैसी हानिकारक लत से दूर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। यह अभियान इस दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम है।” अभियान के समन्वयक श्री रामजी दास ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र के लोगों को तंबाकू के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देगा और उन्हें तंबाकू से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगा। इस कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, तथा बी.एड. और डीएलएड. के छात्र भी उपस्थित रहे।





