राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में अंतर्राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस समर्थ 2025 के उपलक्ष्य में प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में एक सूक्ष्म कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता महेन्द्र पाल कौंडल ने विभिन्न प्रकार की आपदाओं के बारे में विद्यार्थियों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आपदाएं दो प्रकार की होती हैं प्राकृतिक और मानव निर्मित। प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ आदि की भविष्यवाणी करना संभव नहीं होता, इसलिए समाज को इनके प्रति जागरूक कर ही जोखिम को कम किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवियों और अन्य विद्यार्थियों के बीच निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसी के साथ विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय रहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र वर्ग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय ने पांच प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिनमें समूह गान, गीतिका और श्लोक उच्चारण में प्रथम स्थान तथा शास्त्रीय संगीत और सुगम संगीत में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने इस उपलब्धि के लिए पूरे विद्यालय परिवार और संगीत प्रवक्ता नरेंद्र कुमार को बधाई दी तथा विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त ऐस्पायर एकेडमी शिमला द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय विज्ञान परीक्षा जमा एक वर्ग में विद्यालय के छात्र भुवनेश्वर ठाकुर ने प्रदेश स्तर पर 32वां स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रधानाचार्य ने भुवनेश्वर और उसके पिता राजेन्द्र ठाकुर को शुभकामनाएँ दीं और आगे भी निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि हमें विभिन्न प्रकार की आपदाओं के समय सावधानी बरतनी चाहिए तथा प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। साथ ही आपदा संभावित क्षेत्रों में आपदा-प्रतिरोधी भवन निर्माण को बढ़ावा देना चाहिए ताकि जान-माल की हानि न्यूनतम रहे। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी अध्यापक व कर्मचारी उपस्थित रहे।




