दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के कर्मचारियों, अधिकारियों एवं पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों में खुशी की लहर है। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब महंगाई लगातार बढ़ रही है और कर्मचारी वर्ग को अतिरिक्त राहत की आवश्यकता थी। हिमाचल अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दाड़लाघाट ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वर दत्त शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने दीपावली पर कर्मचारियों को एक बड़ी सौग़ात दी है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं को सफल बनाने में कर्मचारियों की मेहनत, ईमानदारी और सेवा भावना का अहम योगदान है और उनकी खुशहाली सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होना चाहिए। ईश्वर दत्त शर्मा ने सभी कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्यौहार सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उजाला लेकर आए।






