December 15, 2025 10:48 am

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में आयोजित जिला स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता में धुन्धन विद्यालय का प्रदर्शन रहा सराहनीय

[adsforwp id="60"]

राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में प्रातःकालीन सभा के दौरान एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मंच संचालन प्रवक्ता अमर सिंह वर्मा ने किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में आयोजित जिला स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं प्रवक्ताओं नरेंद्र कुमार, चेतना और हेमंत कुमार का विद्यालय परिसर में फूल मालाओं और हार पहनाकर स्वागत व अभिनंदन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय ने शास्त्रीय संगीत, समूह गान और लोक नृत्य तीन विधाओं में भाग लिया, जिसमें समूह गान में प्रथम स्थान, शास्त्रीय संगीत एवं लोक नृत्य में तृतीय स्थान प्राप्त किया। अब विद्यालय की समूह गान टीम आगामी राज्य स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता, जो चंबा में आयोजित होगी, में जिला सोलन का प्रतिनिधित्व करेगी। इसके अतिरिक्त, खंड शिक्षा कार्यालय धुंदन में समग्र शिक्षा के अंतर्गत भारती एयरटेल फाउंडेशन के सौजन्य से आयोजित खंड स्तरीय इंग्लिश विजार्ड और मैथ्स विजार्ड प्रतियोगिता में भी विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में कुल 18 विद्यालयों ने भाग लिया। मैथ्स विजार्ड में कक्षा आठवीं के कृषव और सोनाक्षी ने खंड स्तर पर प्रथम स्थान, जबकि इंग्लिश विजार्ड में कक्षा आठवीं के मयंक वर्मा और परिधि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अब ये विद्यार्थी जिला स्तर की प्रतियोगिता में धुंदन खंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने समस्त प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संगीत प्रवक्ता नरेंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने राज्य स्तर की आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए सभी को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply