लक्ष्य पब्लिक स्कूल अर्की में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का आज भव्य समापन हुआ। इस अवसर
पर लक्ष्य शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष डॉक्टर प्रेम लाल गुप्ता मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता लक्ष्य पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य वीना गुप्ता ने की ।
मुख्यातिथि ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य युवाओं में सेवा, अनुशासन, सहयोग और समर्पण की भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि आज समाज को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो अपने हित से ऊपर उठकर देश और समाज के कल्याण के लिए कार्य करें।
उन्होंने कहा कि एनएसएस जैसे शिविर विद्यार्थियों को न केवल सामाजिक दायित्व का बोध कराते हैं, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना भी उत्पन्न करते हैं। उन्होंने कहा—“राष्ट्रीय सेवा योजना एक ऐसा माध्यम है जो पुस्तकीय ज्ञान से परे जाकर युवाओं को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ती है। जब विद्यार्थी अपने हाथों से समाज के लिए कुछ करते हैं, तो उनमें सेवा का संस्कार स्थायी रूप से विकसित होता है।”
डॉक्टर गुप्ता ने स्वयंसेवियों से आह्वान किया कि वे शिविर में सीखी गई शिक्षा और अनुभवों को अपने जीवन में उतारें और समाज में स्वच्छता, साक्षरता तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की सच्ची आधारशिला है और यदि युवा सही दिशा में प्रयास करें तो देश को प्रगति की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम प्रभारी मीना चौहान ने मुख्यातिथि के समक्ष सात दिवसीय शिविर की गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शिविर की दिनचर्या प्रतिदिन सुबह प्रार्थना, व्यायाम और प्रेरक विचारों से आरंभ होती थी। इसके बाद स्वयंसेवियों को सामाजिक एवं शैक्षिक सत्रों में भाग लेने का अवसर दिया जाता था।
उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर के साथ-साथ गोद लिए वार्ड नंबर दो और सात में सफाई अभियान चलाया। साथ ही नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, पेयजल स्रोतों और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता भी सुनिश्चित की गई।
मीना चौहान ने बताया कि इन सात दिनों में स्वयंसेवियों को विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जागरूक किया गया, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त भारत जैसे विषय प्रमुख रहे। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल सेवा कार्य तक सीमित नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों में जिम्मेदारी और सामूहिकता की भावना को प्रोत्साहित करना भी इसका अभिन्न हिस्सा रहा।
समापन अवसर पर स्वयंसेवियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। पहाड़ी और पंजाबी लोकनृत्यों के साथ प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने वातावरण को भावनात्मक बना दिया।
इस अवसर पर लक्ष्य शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष डा. प्रेम लाल गुप्ता, लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्या कुसुम गुप्ता, मेजबान विद्यालय की प्रधानाचार्या वीना गुप्ता सहित विद्यालय के अन्य अध्यापक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






