थाना दाड़लाघाट पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले में एक व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उप-निरीक्षक प्रदीप कुमार अपनी टीम सहित गश्त पर रात के समय जब पुलिस दल मकोल–मांगू–संघोई संपर्क मार्ग पर मौजूद थे, तो एक व्यक्ति सिर पर सफेद कट्टा और हाथ में छोटा कट्टा उठाए मांगू से संघोई की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस को संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान वह घबरा गया और कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। गवाहों की मौजूदगी में उसके पास रखे कट्टों को खोलकर जांच की गई, जिनमें कुल 36 बोतलें देसी शराब मार्का हिम संतरा मात्रा 750 मिलीलीटर, बरामद हुईं। डीएसपी दाड़लाघाट संदीप शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 39(1) (ए) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।





