राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में प्रातःकालीन सभा के दौरान प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मंच संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता महेंद्र पाल कौंडल ने किया। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य स्तरीय छात्र-छात्रा सांस्कृतिक प्रतियोगिता, जो हाल ही में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंबोया, जिला सिरमौर में आयोजित हुई, उसमें विद्यालय का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। कार्यक्रम में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और संगीत प्रवक्ता नरेंद्र कुमार का फूल मालाओं और हार पहनाकर स्वागत व अभिनंदन किया गया। विद्यालय ने इस प्रतियोगिता में छात्र वर्ग में संस्कृत गीतिका, संस्कृत श्लोक उच्चारण और समूह गान प्रतियोगिता में जिला सोलन का प्रतिनिधित्व किया। इन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए जमा दो के छात्र धीरज ने संस्कृत गीतिका में तथा जमा दो के छात्र दीक्षित ने संस्कृत श्लोक उच्चारण में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस सफलता का श्रेय संगीत प्रवक्ता नरेंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत को जाता है। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।





