राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नवगांव में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) शिविर का समापन हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत मांगल के उपप्रधान सीताराम ठाकुर ने की। समापन अवसर पर स्वयंसेवियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। स्वयंसेवी ललीता ने सात दिनों की गतिविधियों पर आधारित संक्षिप्त रिपोर्ट मुख्य अतिथि के समक्ष प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि ने ईशा ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ महिला स्वयंसेवी तथा परीक्षित बसंत को सर्वश्रेष्ठ पुरुष स्वयंसेवी घोषित कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी 37 स्वयंसेवियों को सम्मानित करते हुए उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का वातावरण स्वच्छ बनाए रखना और सेवा की भावना को जीवन में अपनाना हर छात्र का कर्तव्य होना चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात किशोर ने स्वयंसेवियों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम अधिकारी रमेश ठाकुर और निधि शर्मा ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।






