कुनिहार
हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेश महासचिव इंद्रपाल शर्मा ने यहां आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि 7नवंबर को मंडी में आयोजित प्रदेश स्तरीय संघर्ष समिति की बैठक में सरकार को 26तारीख से पहले समिति के द्वारा सरकार को दिए गए मांग पत्र पर वार्ता के लिए बुलाए जाने की मांग की गई है।यदि सरकार वार्ता के लिए नहीं बुलाती है तो 28नवंबर को धर्मशाला में सरकार के शीतकालीन सत्र में प्रदेश भर से 15हजार पेंशनर विधान सभा का घेराव करेंगे और उसके बाद राज्य पाल महोदय को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा जिसमें उनसे प्रदेश में वित्तीय आपात काल लगाकर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग की जाएगी।
शर्मा ने कहा कि आवश्यकता हुई तो संघर्ष समिति का एक डेलिगेशन दिल्ली में गृह मंत्री तथा राष्ट्रपति से मिल कर उन्हें प्रदेश के कर्मचारियों व पेंशनरों कि करीब14हजार करोड़ रुपए की देनदारियों व प्रदेश की गंभीर वित्तीय स्थिति से अवगत करवायेगा ।इंदर पाल शर्मा ने कहा कि धर्मशाला घेराव के बाद भी यदि सरकार मांगे नहीं मानेगी तो संघर्ष को ओर तेज किया जाएगा जिसमें पेंशनरों के परिवार भी शामिल होगे।शर्मा ने कहा कि प्रदेश के सभी 1लाख83हजार पेंशनरों में सरकार के उदासीन रवैया को लेकर भारी रोष व्याप्त है तथा सभी एक जुट होकर सरकार से आर पार के संघर्ष के लिए तैयार हैं।
इस अवसर पर आरपी जोशी, ओम प्रकाश गर्ग,गोपाल कृष्ण ,जगदीश चंदेल, सुशील कुमार शर्मा,रमेश योगीराज उपस्थित रहे।





