कुनिहार
एसवीएन स्कूल कुनिहार में दो दिवसीय स्पोर्ट्स मीट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर द्वारा दीप प्रज्वलन एवं गणपति वंदना के साथ किया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों का बैच लगाकर सम्मान किया। इसके बाद सभी ने वर्षभर निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करने की शपथ भी ली।

विद्यार्थियों ने सदनवार, स्काउट-गाइड तथा कब–बुलबुल समूह द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर खेलों का आगाज़ किया। स्पोर्ट्स मीट के पहले दिन प्राथमिक वर्ग की मनोरंजक प्रतियोगिताएँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें जलेबी रेस, बनाना रेस, हुला-हुप, कलेक्ट द बॉल और स्मार्ट स्प्रिंग जैसी गतिविधियाँ शामिल थीं। सभी खेलों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्कूल चेयरमैन टी.सी. गर्ग ने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेल equally महत्वपूर्ण हैं। खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि एसवीएन स्कूल विद्यार्थियों की सेहत और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर ऐसे आयोजन करता रहता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल के सभी अध्यापकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





