खंड विकास अधिकारी कार्यालय कुनिहार की ओर से 15 नवंबर को स्वच्छ खंड अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत सुबह 9 बजे ग्राम पंचायत ग्याना से उपमंडल अधिकारी अर्की निशांत तोमर द्वारा की जाएगी। खंड विकास अधिकारी तन्मय कंवर ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत से प्रधान, उपप्रधान, सचिव, महिला मंडल, युवक मंडल तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं सक्रिय रूप से भाग लेंगी। साथ ही विकास खंड कार्यालय की ओर से खंड विकास अधिकारी सहित पूरी टीम भी प्रत्येक पंचायत में सफाई अभियान में हिस्सा लेगी। अभियान के दौरान पंचायतों से एकत्रित सभी कचरे को कुनिहार में स्थापित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई में भेजा जाएगा। अपशिष्ट एकत्रीकरण की जिम्मेदारी प्रत्येक पंचायत में महिला ग्राम संगठनों को सौंपी गई है, जिनका सहयोग संबंधित ग्राम पंचायत द्वारा किया जाएगा। अभियान के उपरांत अगले माह से हर घर, दुकान तथा सरकारी व निजी संस्थानों से नियमित अपशिष्ट एकत्रीकरण कार्य शुरू किया जाएगा, जिसके निपटारे हेतु अंबुजा सीमेंट भी सहयोग प्रदान करेगा। यह अभियान डोर टू डोर अपशिष्ट एकत्रीकरण की जागरूकता बढ़ाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से आरंभ किया गया है। ग्याना के बाद यह अभियान क्रमशः कशलोग, सेवड़ा चंडी, मांगू और संघोई पंचायतों में भी चलाया जाएगा।




