कुनिहार
एस वी एन विद्यालय कुनिहार में स्पोर्ट्स मीट 2025 खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह बड़े उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी सोलन अशोक चौहान की एवज में एएसआई जय राम, पुलिस थाना कुनिहार ने शिरकत की। विद्यालय अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष हेमंत शर्मा भी विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई, जिसके पश्चात मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। तत्पश्चात विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट, मास पीटी, लैजियम पीटी, रिंग पीटी, डम्बल पीटी तथा एरोबिक प्रदर्शन प्रस्तुत किए गए।
विद्यालय निदेशक लूपिन गर्ग ने बताया कि स्पोर्ट्स मीट का उद्घाटन खंड विकास अधिकारी तन्मय कंवर द्वारा किया गया था। प्रतियोगिता में नर्सरी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने 100 मीटर दौड़, चेस, किड्स रेस, रिंग रेस, ताइक्वांडो, ऊँची कूद, कैरम बोर्ड, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि को विद्यालय परिवार की ओर से शॉल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय अध्यक्ष टीसी गर्ग ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो गर्व का विषय है।
मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता रहे विद्यार्थियों को गोल्ड, सिल्वर व ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किए। साथ ही शारीरिक शिक्षक राकेश भारद्वाज, डीपी योगेश भारती, दो श्रेष्ठ छात्रा खिलाड़ी तथा दो श्रेष्ठ छात्र खिलाड़ियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे :
वॉलीबॉल ओपन टूर्नामेंट (बॉयज): विजेता – मिनी स्पाइकर, उप विजेता – वॉली वाइपर
वॉलीबॉल ओपन टूर्नामेंट (गर्ल्स): विजेता – कल्पना हाउस, उप विजेता – स्पाइकर गर्ल
कबड्डी अंडर-19 बॉयज: विजेता – टैगोर हाउस, उप विजेता – कल्पना हाउस
कबड्डी अंडर-14 बॉयज: विजेता – टैगोर हाउस, उप विजेता – कल्पना हाउस
इस अवसर पर मुख्य आरक्षी थाना कुनिहार राजेंद्र कुमार,विनोद कुमार,विद्यालय निदेशक लूपिन गर्ग, उप प्रधानाचार्य (सीबीएसई) कांति लाल, प्रधानाचार्य पद्मनाभम, हेमंत शर्मा, रामेश्वर शर्मा सहित समस्त अध्यापकगण, अभिभावक व बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।





