स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नवगांव में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। अपने संबोधन में विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार छात्रों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा, बेहतर खेल सुविधाएँ और मजबूत अधोसंरचना उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का मुख्य उद्देश्य ज्ञान अर्जन है, और ज्ञान का मूल्य केवल अंकों से कहीं अधिक होता है। विद्यार्थियों से उन्होंने आग्रह किया कि वे अंकों की दौड़ से ऊपर उठकर वास्तविक ज्ञान अर्जित करें। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला में मादक पदार्थ चिट्टे के विरुद्ध निर्णायक जन आंदोलन की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ रखने और नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए प्रदेश सरकार ने ओलंपिक, एशियाई व पैरा ओलंपिक पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है ताकि युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़े। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य में गुणवत्तायुक्त शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित करने का निर्णय इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि अर्की क्षेत्र के तीन स्कूलों को डे बोर्डिंग स्कूल घोषित किया गया है, जहाँ शीघ्र ही सीबीएसई पाठ्यक्रम के माध्यम से शिक्षा आरंभ की जाएगी। विधायक ने अपने संबोधन में क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि नवगांव विद्यालय में अतिरिक्त कमरों के निर्माण हेतु 12 लाख रुपये, राजकीय उच्च विद्यालय मंगरूड़ में मंच पर शेड निर्माण के लिए 1.66 लाख रुपये, पन्सोड़ा से चाम्बा संपर्क मार्ग के लिए 20 लाख रुपये, तून बडयार मार्ग के लिए 3 लाख रुपये, लिली फार्म से पन्सोड़ा मार्ग के लिए 28 लाख रुपये, जाबल बडाल–रोपड़ी–नालसू नाला मार्ग निर्माण हेतु 16 लाख रुपये,
स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने ग्राम पंचायत नवगांव के विकास कार्यों के लिए स्वीकृत 31.71 लाख रुपये की राशि का भी उल्लेख किया, जिनमें अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं और शेष कार्य प्रगति पर हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यालय के प्रांगण के लिए पाँच सोलर लाइटें, महिला मंडल डोरू के भवन निर्माण हेतु 2 लाख रुपये, तथा यूथ क्लब समलोग को टेबल टेनिस उपकरणों के लिए 30 हजार रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 2100 रुपये तथा आयोजन समिति को 21 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की। समारोह में विधायक ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएँ भी सुनीं तथा उनके शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात किशोर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत नवगांव के प्रधान कृष्ण देव गौतम, उपप्रधान सीता राम, पंचायत समिति सदस्य रक्षा ठाकुर, बाघल लैंड लूज़र सोसायटी के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस के नरेश अवस्थी, नाथू राम चौहान, दितु राम, केंद्राध्यक्ष राजेश गुप्ता, एसएमसी अध्यक्ष सुमन गौतम, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेम लाल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।




