December 15, 2025 10:38 am

सड़कों में गड्ढे,विभाग सोया कुंभकर्णी नींद

[adsforwp id="60"]

गत माह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दाड़लाघाट आगमन से मात्र एक घंटा पहले स्थानीय एसबीआई बैंक दाड़ला के समीप सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों को मिट्टी डालकर अस्थायी रूप से भरा गया था। यह वही सड़क है जो पिछले कई महीनों से जर्जर स्थिति में थी, लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण इसकी मरम्मत नहीं की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बने ये गड्ढे लंबे समय से वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए थे। कई बार शिकायतों के बावजूद लोक निर्माण विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। जैसे ही मुख्यमंत्री का दौरा तय हुआ, विभाग ने तात्कालिक व्यवस्था के तहत मिट्टी डालकर गड्ढों को ढक दिया, लेकिन अब वही गड्ढे पहले से अधिक खतरनाक रूप ले चुके हैं। वर्तमान में स्थिति यह है कि वाहन चालकों को यह समझ नहीं आ रहा कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। इस स्थान से वाहन निकालना बेहद मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोग कई बार इस विषय को लोक निर्माण विभाग के समक्ष उठा चुके हैं, परंतु विभाग की ओर से यह कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है कि उक्त सड़क एनएचएआई के अधीन है। इस स्थिति में कई माह बीत चुके हैं, लेकिन गड्ढों का आकार कम होने के बजाय लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या विभाग सड़क मरम्मत को केवल वीआईपी मूवमेंट के समय ही जरूरी समझता है? उधर पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया और उपप्रधान हेमराज ने भी सड़क की खराब स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि विभाग को चाहिए कि स्थानीय जनता को राहत देने के लिए स्थायी समाधान निकाले तथा तुरंत सड़क की मरम्मत सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

Leave a Reply