पी.एम. श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चण्डी ने अपना वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को जीवन मूल्यों का ज्ञान देना उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य छात्रों को समावेशी, समानता आधारित, तकनीक-सक्षम तथा जीवन मूल्यों के प्रति संवेदनशील बनाना है। आज शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए छात्रों का बहुआयामी विकास अनिवार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल व अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रहने का आह्वान किया। विधायक ने अभिभावकों व अध्यापकों से आग्रह किया कि ऑनलाइन के इस युग में बच्चों को नैतिक मूल्यों का ज्ञान अवश्य दें, जिससे वे नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहकर बेहतर नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए खेल विशेष रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में कई सकारात्मक कदम उठा रही है। इसी श्रृंखला में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। समारोह में विधायक ने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में चयनित 08 बच्चों को अपनी ऐच्छिक निधि से 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही विद्यालय में परीक्षा हॉल व अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, आयोजन समिति के लिए 21 हजार रुपये तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों के लिए 5100 रुपये देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सेवड़ा चण्डी के प्रधान नौख राम, उपप्रधान तुलसी राम शर्मा, पूर्व प्रधान जय शर्मा, बाघल लैंड लूजर सोसायटी के अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, ए.डी.के.एम. ट्रांसपोर्ट सोसायटी दाड़ला के अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अनेक विद्यालयों के अध्यापक, अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे।





