अंबुजा फाउंडेशन दाड़लाघाट की ओर से ग्राम पंचायत मांगू तथा जलागम एवं कृषि परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में मांगू के खेल मैदान में किसान मेले का आयोजन किया गया। मेला परियोजना के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मांगू, संघोई, चंडी, कश्लोग, ग्याना और कराड़ाघाट सहित आसपास के गांवों के लघु और सीमांत किसानों की आजीविका बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम में 250 से अधिक किसानों ने भाग लिया। कई किसानों ने अपने कृषि उत्पादों, मूल्यवर्धित उपज और नवाचारों का प्रदर्शन किया, जिससे किसानों में उत्साह देखा गया। किसान मेले का उद्घाटन विधायक अर्की संजय अवस्थी ने किया। मुख्य निर्माण अधिकारी अदानी अंबुजा सीमेंट लिमिटेड दाड़लाघाट मुकेश सक्सेना, एस.डी.एम. अर्की निशांत तोमर विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में किसानों की आय बढ़ाने पर मुकेश सक्सेना ने कहा कि किसानों को अपने कृषि उत्पादों में मूल्यवर्धन कर बाजार से जोड़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि अंबुजा फाउंडेशन किसानों, स्वयं सहायता समूहों और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि सरकार का विकास कार्य सतत प्रक्रिया है और जनभागीदारी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने ग्राम विकास, महिला मंडलों को प्रोत्साहन, 33 केवी ट्रांसफार्मर स्थापना योजना तथा अंबुजा फाउंडेशन व अंबुजा सीमेंट के सहयोग से चल रही विकासमुखी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों को जल प्रबंधन, सिंचाई साधनों के उपयोग, सरकारी योजनाओं को अपनाने व विपणन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। किसान गोष्ठी में विशेषज्ञों ने किसानों की समस्याओं का समाधान भी प्रस्तुत किया। मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे दुग्ध उत्पादन, पशुपालन, बागवानी, कृषि आधारित आय-वृद्धि कार्यों पर भी विशेष चर्चा हुई। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यक्रम समन्वयक हरिकृष्ण शर्मा द्वारा साझा की गई। इस अवसर पर बी.एम.ओ. अर्की डॉ. मुक्त रस्तोगी, डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, पशुपालन विभाग अर्की से डॉ. देवराज शर्मा, कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. देवराज, बागवानी विभाग से डॉ. कमलेश, डी.एफ.ओ. कुनिहार राम कुमार, रेंज ऑफिसर सुदर्शन, बाघल लैंड लूजर अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, अर्की कश्लोग मांगू परिवहन समिति के अध्यक्ष वेदप्रकाश शुक्ला, जय सिंह ठाकुर, तिलक गौतम, मनोज गौतम, अनिल, शांता शर्मा, ग्राम पंचायत प्रधान मांगू बलदेव ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता संजय शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।





