थाना दाड़लाघाट में दर्ज चोरी के एक मामले में पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए आरोपी को कर्नाटक के बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार गांव बांजन निवासी दीनानाथ ने 4 नवंबर 2025 को शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके घर से सोने के आभूषण और नकदी सहित लगभग 2 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हो गई है। शिकायत के मुताबिक उन्होंने अपने घर पर पेंटिंग कार्य के लिए ठेकेदार के माध्यम से कमलेश और दीपक पटेल को 7 सितंबर से काम पर लगाया था। 19 सितंबर को वह अपनी पत्नी के साथ दाड़लाघाट गए हुए थे। शाम को लौटने पर दीपक पटेल ने उन्हें बताया कि उसके गांव में मकान गिराया जा रहा है, इसलिए उसे तुरंत घर जाना पड़ रहा है। इसके बाद 25 सितंबर को जब शिकायतकर्ता ने अलमारी का लॉकर खोला तो उसमें रखा उनकी पत्नी का मंगलसूत्र, एक जोड़ी कान के कांटे, एक अंगूठी और 1 लाख रुपये नकद गायब पाए गए। उन्हें संदेह है कि चोरी को दीपक पटेल ने ही अंजाम दिया है। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश हेतु जिला के सभी थाना-चौकियों और पड़ोसी राज्यों को सूचित किया। आरोपी के तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया तथा उसकी तलाश में पुलिस टीम को उसके स्थाई पते पर भी भेजा गया, लेकिन वह वहां नहीं मिला। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन कर्नाटक के बेंगलुरु में ट्रेस की गई। जिस पर थाना दाड़लाघाट की टीम ने 18 नवंबर को आरोपी दीपक कुमार पटेल (22 वर्ष), पुत्र बैजनाथ पटेल, निवासी गांव गोपालपुर, डाकघर तारया सुजन, तहसील तमकुईराज, जिला कुशीनगर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर सोलन लाया। आरोपी को 20 नवंबर को माननीय न्यायालय अर्की में पेश किया। पुलिस द्वारा आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी है। मामले की जांच जारी है।





