राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में रेंजर्स एवं रोवर्स इकाई द्वारा विद्युत आपदाओं से बचाव और तैयारी की रणनीतियाँ विषय पर एक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के सलाहकार अतिरिक्त निदेशक अनुराग पराशर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। पराशर ने विद्यार्थियों को बिजली से होने वाली संभावित आपदाओं, अत्यधिक भार (ओवरलोडिंग), शॉर्ट-सर्किट के जोखिम, तथा आपातकालीन स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक समय में विद्युत सुरक्षा न केवल व्यक्तिगत स्तर पर, बल्कि सामुदायिक स्तर पर भी अत्यंत आवश्यक है। मुख्य वक्ता ने छात्रों को बिजली के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग, ऊर्जा संरक्षण तथा जागरूकता के महत्व के बारे में भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही और सभी ने इस व्याख्यान को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक तथा व्यवहारिक बताया। इस मौके पर सहायक अभियंता ई. विमल अत्रि सहित अन्य मौजूद रहे।





