कुनीहार:
द एसवीएन विद्यालय कुनीहार (बडोरघाटी) में जिला स्तरीय युवा संसद का भव्य और अनुशासित आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्ण भागीदारी दर्ज करवाई। यह आयोजन शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार किया गया। जिसका उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और प्रभावी संवाद कौशल का विकास करना था।
प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बवासी, गुगाघाट, कंडाघाट, जाबली, धर्मपुर, नवगांव, कोटबेजा, रामशहर, बद्दी व भटियाण की टीमें शामिल हुईं। सभी विद्यालयों ने ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर जिला स्तरीय युवा संसद में प्रवेश पाया।
मुख्य अतिथि गोपाल सिंह चौहान डिप्टी डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन (सीनियर सेकेंडरी) सोलन ने दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय अध्यक्ष टीसी गर्ग ने की।
मंच संचालन शिखा शर्मा ने बखूबी निभाया। द एसवीएन विद्यालय कुनीहार के चेयरमैन टीसी गर्ग ने अपने संबोधन में सभी प्रतिभागी स्कूलों के छात्रों और उनके शिक्षकों की कड़ी मेहनत और सहयोग की सराहना की। विद्यालय निदेशक लूपिन गर्ग ने कहा कि युवा संसद छात्रों को संसदीय कार्यप्रणाली, राजनीतिक समझ और तर्कशक्ति का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती है तथा भविष्य के नेतृत्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को संसदीय भूमिकाएँ प्रदान की गईं—सभापति, सत्तापक्ष, विपक्ष, मंत्रीमंडल सदस्य, सांसद, प्रश्नकर्ता और विधेयक प्रस्तुतकर्ता।
प्रश्नकाल में
छात्रों ने शिक्षा सुधार, नशा-निवारण, साइबर सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सुविधाएँ, ग्रामीण विकास और रोजगार जैसे विषयों पर सारगर्भित प्रश्न उठाए।
विधेयक प्रस्तुति एवं बहस
सत्तापक्ष और विपक्ष ने तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर बहस प्रस्तुत की, जिसे निर्णायकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम में हंगामा, कार्यवाही स्थगन, तालियाँ और नारेबाजी जैसी संसदीय गतिविधियाँ भी देखी गईं, जिससे वातावरण संसद जैसा प्रतीत हुआ।
निर्णायक मंडल में उपस्थित शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की तैयारी, अभिव्यक्ति, संसदीय प्रक्रियाओं की समझ और नेतृत्व क्षमता की सराहना की। उन्होंने आयोजन की सुव्यवस्थित और उत्कृष्ट व्यवस्था को अनुकरणीय बताया। वही मुख्य समन्वयक राजकुमार शर्मा प्रधानाचार्य बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल अर्की,
कार्यक्रम इंचार्ज हेमराज गौर प्रधानाचार्य बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनीहार,सहयोग मनीष कुमार प्रवक्ता, राजनीतिक शास्त्र अर्की एवं डिप्टी डायरेक्टर्स सुपरिंटेंडेंट राजीव सूद के दिशा निर्देश में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय युवा संसद के लिए चयनित प्रतिभागियों की घोषणा मुख्य अतिथि द्वारा की गई। जिसमें प्रथम स्थान पर बदी स्कूल ने बाजी मारी । द्वितीय स्थान पर गुगा घाट व तृतीय स्थान पर नवगांव विद्यालय के छात्र रहे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। जिसमें आयोजन टीम, निर्णायकों, शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में ऐसे नवाचारी और ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखने का संकल्प दोहराया। वहीं इस मौके पर सभी विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे।






