राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुघार में सत्र 2025-26 का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस वर्ष यह समारोह बुघार कॉम्प्लेक्स स्तर पर किया गया, जिसमें राजकीय माध्यमिक विद्यालय असलू, पारनू, राजकीय केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय बुघार, तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय असलू, तून बढियार, चमरोल जेरी और नेहर सहित कई विद्यालयों ने भाग लिया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक जिला शिमला संजीव कुमार गांधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि उनकी धर्मपत्नी निशा गांधी ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विशेष बात यह रही कि संजीव कुमार गांधी 1980 के दशक में स्वयं बुघार विद्यालय के विद्यार्थी रहे थे, ऐसे में वर्षों बाद अपने ही विद्यालय पहुंचने पर उनका स्वागत बेहद उत्साहपूर्ण रहा। मुख्य अतिथि का स्वागत कार्यकारी प्रधानाचार्य दीपक ठाकुर, समस्त विद्यालय परिवार, विद्यालय प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत प्रधान गुरुदेई ठाकुर, उप प्रधान मनसाराम, पूर्व प्रधान विजय ठाकुर और उपेंद्र वर्मा सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों व अभिभावकों ने बड़े सम्मान के साथ किया। समाजसेवी दित्तू राम विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि तथा अन्य गणमान्यों को सम्मान चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यकारी प्रधानाचार्य दीपक ठाकुर ने सभी का स्वागत करते हुए वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और विद्यालय की वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों से अवगत कराया। मुख्य अतिथि संजीव कुमार गांधी ने शिक्षा, खेल और सहगामी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बुघार तथा अंडर कॉम्प्लेक्स विद्यालयों के विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, साहस और आत्मविश्वास के बल पर जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव भी छात्रों के साथ साझा किए, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुघार सहित सभी अंडर कॉम्प्लेक्स विद्यालयो असलू, पारनू, नेहर, चमरोल जेरी, तून बढियार और केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय बुघार के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस मौके पर निशा गांधी, पंचायत प्रधान गुरदेई ठाकुर, उपप्रधान मनसाराम, पूर्व प्रधान उपेंद्र वर्मा, विजय ठाकुर, सत्या प्रकाश गांधी, पूर्व डीएसपी मदन ठाकुर, कांग्रेस सेवादल के प्रमुख संजय ठाकुर, नागेंद्र बंसल, राजेंद्र बंसल नायब तहसीलदार शशि गांधी तथा मांगल से समाजसेवी दितु राम सहित अन्य मौजूद रहे।





