दाड़लाघाट
प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सेवानिवृत्त एसोसिएशन दाड़लाघाट एवं नम्होल यूनिट द्वारा पेंशन दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कमल ठाकुर ने की। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में फुलराम एवं दिलु राम को टोपी व मफलर पहनाकर सम्मानित किया गया। फुलराम को जीत राम ठाकुर तथा दिलु राम को कमल ठाकुर द्वारा सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन सेवानिवृत्त अधिकारियों को भी स्मरण किया गया, जिन्होंने पेंशन से जुड़े अधिकारों को बहाल कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रेम केशव ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन दिवस की बधाई देते हुए प्रदेश सरकार एवं बिजली बोर्ड प्रबंधन से आग्रह किया कि एक जनवरी 2016 से 2022 तक की देय राशि के बकाया का एकमुश्त शीघ्र भुगतान किया जाए। मुख्य सलाहकार कमल ठाकुर ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के मेडिकल बिल अब तक लंबित हैं, जिनका जल्द निपटारा किया जाना आवश्यक है। इसके उपरांत अध्यक्ष प्रेम केशव ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक साथियों को एसोसिएशन से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जीत राम ठाकुर, कमल ठाकुर, प्रेम केशव, विजय, परस राम, दिला राम, जोगिंदर सिंह, पार्वती एवं कुलदीप चौहान सहित अनेक सेवानिवृत्त कर्मचारी उपस्थित रहे।




