February 17, 2026 11:06 am

धुंदन विद्यालय में शिक्षाविद, राज्य एवं राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर हुए सेवानिवृत्त

[adsforwp id="60"]

दाड़लाघाट

राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में शिक्षाविद, राज्य एवं राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार एवं स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों ने प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर का फूल मालाओं से स्वागत कर हार्दिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रांगण में मां सरस्वती के मंदिर में दीप प्रज्ज्वलन तथा वंदे मातरम के साथ हुई। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर शिक्षा विभाग में 35 वर्षों की उत्कृष्ट सेवाओं के पश्चात सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने 14 जनवरी 1991 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी, तहसील कसौली (सोलन) से अर्थशास्त्र प्रवक्ता के रूप में अपने शैक्षणिक जीवन की शुरुआत की। इसके पश्चात उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट, चंडी कशलोग (अर्की), सिकरोहा (बिलासपुर) सहित विभिन्न विद्यालयों में सेवाएं दीं। 30 जून 2016 को प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नत होकर उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कमलाहर (सिरमौर) में पदभार ग्रहण किया तथा 01 अक्टूबर 2016 से राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में लगभग 10 वर्षों तक पूर्ण निष्ठा व समर्पण भाव से सेवाएं दीं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2012 में उन्हें राज्य शिक्षा पुरस्कार तथा वर्ष 2013 राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य राठौर ने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने हेतु अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत की, विद्यार्थियों को अपनी व्यक्तिगत निधि से ब्लेजर प्रदान किए तथा जरूरतमंद छात्रों को समय-समय पर आर्थिक सहायता दी। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को भी नियमित रूप से पुरस्कृत किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय ने शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं खेलों में जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। सेवानिवृत्ति के अवसर पर विद्यालय परिवार एवं स्कूल प्रबंधन समिति द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह व सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। अपने संबोधन में सरताज सिंह राठौर ने अपने सफल जीवन का श्रेय अपने माता-पिता, धर्मपत्नी रेखा राठौर एवं परिवार को दिया तथा बच्चों से नशे से दूर रहकर लक्ष्य निर्धारित कर एक सशक्त समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य महेंद्र पाल कौंडल ने उनके शिक्षकीय व नेतृत्वकारी योगदान को प्रेरणादायक बताया। मंच संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता महेंद्र पाल कौंडल द्वारा किया गया। समारोह में प्रधानाचार्य का परिवार, पूर्व सहयोगी शिक्षक, विद्यालय स्टाफ तथा स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Advertisement