दाड़लाघाट
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का एक सशक्त माध्यम है। एनसीसी के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियां छात्रों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस, आत्मविश्वास एवं देशभक्ति की भावना का विकास करती हैं। इसी कड़ी में डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल दाड़लाघाट में एनसीसी (नौसेना) कैडेट्स के लिए एक ट्रेकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक एवं मानसिक क्षमता का विकास करना रहा। ट्रेकिंग कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें एनसीसी अधिकारी, शिक्षकगण तथा विद्यार्थियों ने भाग लिया। ट्रेकिंग प्रातः 8:30 बजे प्रारंभ हुई। इस दौरान विद्यार्थियों को पहाड़ी रास्तों पर चलने, प्रतिकूल परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और टीम भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने प्रधानाचार्य नसीब ठाकुर तथा शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए किए गए इस प्रयास की सराहना की।





