हनुमान बड़ोग स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। इस अवसर पर उप महाधिवक्ता हिमाचल प्रदेश सरकार हेमंत वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ सरस्वती वंदना एवं वंदे मातरम् से किया गया। छात्रा चेतना एवं सखियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया गया। विद्यालय की स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष हेम चंद शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने मुख्य अतिथि को शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया। विद्यालय के मुख्याध्यापक पी.सी. बट्टू एवं केंद्रीय मुख्य अध्यापक राम चंद चंदेल ने स्मृति चिन्ह भेंट कर अतिथि सत्कार किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में प्राथमिक विद्यालय की छात्राओं रुतवी एवं सहेलियों ने सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। नंदलाल एवं साथियों ने नशे (चिट्टा) के विरुद्ध जागरूकता नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को गहन संदेश दिया। छात्र आदित्य ने प्रभावशाली भाषण देकर अतिथियों का स्वागत किया, जबकि दसवीं कक्षा की छात्राओं ने पारंपरिक नाटी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मुख्याध्यापक पी.सी. बट्टू ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में 14 विद्यार्थियों में से 10 विद्यार्थियों को मेरिट प्रमाण पत्र प्राप्त हुए हैं, जो विद्यालय में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है। इस उपलब्धि पर मुख्य अतिथि ने विद्यालय व विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मेरिट प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में लक्षिता, यशवी, कपिल, तनुजा, प्रशांत, प्रियंका, चेतन, मोनिका, लसीका और दिव्यांश शामिल रहे। इसके अतिरिक्त खेलकूद व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दीक्षांत, नमन, कृतिका, तन्वी, आदित्य, निहारिका, गौरीका, याचना, पंकज और चेतना को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि हेमंत वर्मा ने अपने संबोधन में सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा युवाओं से नशे से दूर रहने की विशेष अपील की। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों एवं स्कूल प्रबंधन समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मुख्य अतिथि ने विद्यालय कार्यक्रम के लिए 8,100 रुपये तथा बच्चों की मिठाई हेतु 1,100 रुपये की राशि भेंट की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सभी बच्चों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। इनाम प्राप्त करने वालों में गौरीका, कंचन, दीक्षांत, नमन, कृतिका, याचना, शिवम, लक्षिता, यशवी और कपिल शामिल रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान हेमचंद, सदस्य भागवंती, लीला देवी, बबली, मीरा और मधुर शुक्ला का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक नरेंद्र कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर एसएमसी अध्यक्ष नरेश शर्मा, हरि ओम, रजत कपिल, चेत राम, कृष्ण सिंह कंवर, संतोष शुक्ला, करम चंद, कृष्ण सिंह, अशोक, ओ.पी. भारद्वाज, प्रेम लाल सहित अन्य सेवानिवृत्त अध्यापकगण, स्थानीय अभिभावक, विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गांव के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।




