दाड़लाघा
पंचायत दाड़लाघाट के गांव कोटला पुजारिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक अर्की संजय अवस्थी ने ग्रामीणों के हित में कई महत्वपूर्ण विकासात्मक घोषणाएं कीं, जिससे गांव में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम के दौरान संजय अवस्थी ने गांव की सड़क निर्माण प्रक्रिया को तेज करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इसके साथ ही उन्होंने गांव में जल्द ही पानी का हैंडपंप स्थापित करने की घोषणा भी की, जिससे पेयजल समस्या से राहत मिलेगी। महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए संजय अवस्थी ने महिला मंडल भवन निर्माण के लिए 2 लाख रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। वहीं गांव की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 10 स्ट्रीट लाइटें उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की गई। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि इन निर्णयों से गांव की जनता को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और प्रशासन जनता के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी विकास कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लागू किया जाएगा। सभी ग्रामवासियों ने गांव के विकास के लिए की गई घोषणाओं पर विधायक अर्की संजय अवस्थी का आभार जताया। कार्यक्रम में शंकर लाला, हेत राम शर्मा, दौलत राम शर्मा, चेतराम शर्मा, रामदत शर्मा, मदन शर्मा, राजेश शर्मा, सतीश शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




