(दाड़लाघाट) राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में कार्यकारी प्रधानाचार्य महेंद्र पाल कौंडल की अध्यक्षता में शिक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य प्रेम भगत ने की। शिक्षा संवाद में सर्वप्रथम प्रवक्ता इतिहास अमर सिंह वर्मा ने उपस्थित सभी कार्यकारिणी सदस्यों एवं अभिभावकों का स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने अभिभावकों के समक्ष शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों तथा मुख्य बिंदुओं को रखा, जिन पर विस्तार से चर्चा की गई। अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि शिक्षा संवाद का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के मध्य खुला संवाद स्थापित करना है, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके। साथ ही सीखने–सिखाने के अनुभवों को साझा कर चुनौतियों का समाधान खोजा जाए और एक सकारात्मक व समावेशी शैक्षिक वातावरण का निर्माण हो। इससे राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित होगी और प्रत्येक छात्र को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। कार्यकारी प्रधानाचार्य महेंद्र पाल कौंडल ने अभिभावकों से अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय चिंताजनक है, क्योंकि युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आ रही है। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें सही मार्गदर्शन देने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने परीक्षा पे चर्चा–2026 में पंजीकरण कराने के लिए भी अभिभावकों से अनुरोध किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अध्यापकों एवं अभिभावकों ने शिक्षा संवाद के माध्यम से शिक्षा के महत्व को समझने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य हेतु सहयोग करने की शपथ ली। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।




