छयोड खड्ड में युवा चिट्टा मुक्त अभियान समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक पुलिस चौकी चायोड़ खड्ड में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चौकी इंचार्ज श्री विवेकानंद जी ने की।
बैठक में पुलिस विभाग की ओर से कांस्टेबल भीम चंद शर्मा, कांस्टेबल अमन पाल एवं कांस्टेबल अंजना मौके पर उपस्थित रहे। समिति की ओर से समिति प्रधान पवन कुमार तथा समिति के पदाधिकारी अश्वनी कुमार एवं मानक ठाकुर भी बैठक में मौजूद रहे।
इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में श्री शशि कांत शर्मा, बीडीसी सदस्य ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और चिट्टे के खिलाफ पंचायत स्तर पर सामूहिक रूप से कार्य करने पर बल दिया।
बैठक में चिट्टे के विरुद्ध पंचायत स्तर पर सशक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पंचायत के सभी लोगों से अपील की गई कि यदि कोई व्यक्ति चिट्टा बेचने, सप्लाई करने या सेवन कराने में संलिप्त हो, तो उसकी गुप्त सूचना पुलिस को दें। यह भी स्पष्ट किया गया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
साथ ही लोगों को यह जानकारी दी गई कि सरकार द्वारा नशे से संबंधित सूचना देने वालों को इनाम देने का प्रावधान भी है तथा किसी भी समय डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस का सहयोग किया जा सकता है। इस विषय में पंचायत स्तर पर जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में इस बात पर विशेष रूप से चर्चा की गई कि पंचायत स्तर पर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि जब पंचायत जागरूक होती है, तभी अपनी पंचायत को सुरक्षित रखा जा सकता है। युवा चिट्टा मुक्त अभियान समिति का मुख्य उद्देश्य यही है कि पंचायत स्तर पर जागरूकता फैलाकर अपनी पंचायत को पूरी तरह चिट्टा मुक्त रखा जाए और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जाए।
यह अभियान पंचायत स्तर पर लगातार, संगठित और जनसहयोग से चलाया जाएगा। यह केवल पुलिस या समिति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरी पंचायत की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में अन्य गणमान्य सदस्य जिनमें अन्य टेक चंद, नगिन चंद, धीरज, बाबू राम, प्रेम लाल, हेत राम, राकेश , पंकज कुमार ,विधि चंद आदि भी उपस्थित रहे।
नशा मुक्त पंचायत — सुरक्षित भविष्य की ओर एक मजबूत कदम।





