सुरभी संकुल स्तरीय संघ क्लस्टर लेवल फेडरेशन दाड़लाघाट की ओर से प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण विकास विभाग के तत्वावधान में जेंडर आधारित हिंसा के विरुद्ध राष्ट्रीय अभियान के तहत शनिवार को पंचायत सभागार दाड़लाघाट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत समिति कुनिहार की अध्यक्षा सोमा कौंडल, पंचायत प्रधान बंसी राम भाटिया, उपप्रधान हेमराज ठाकुर, पंचायत सदस्य ललित गौतम तथा दाड़लाघाट थाना से एएसआई अशोक कुमार, कावेरी, बिंदु विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीएलएफ दाड़लाघाट की प्रधान कविता देवी ने बताया कि सीएलएफ का गठन 25 अक्टूबर 2024 को किया गया था, जिसमें 11 पंचायतों से ग्राम संगठन जुड़े हुए लगभग 1800 महिलाएं इस फेडरेशन से लाभान्वित हो रही हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में नई चेतना जागृत करना रहा, ताकि वे घरेलू हिंसा, शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न जैसे मामलों के प्रति जागरूक होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा सकें। वक्ताओं ने कहा कि जेंडर आधारित हिंसा केवल घरेलू समस्या नहीं बल्कि सामाजिक चुनौती है, जिसे जागरूकता और कानून की जानकारी से ही रोका जा सकता है। पुलिस विभाग की ओर से महिलाओं को महिला हेल्पलाइन, कानूनी प्रावधानों एवं सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई तथा किसी भी प्रकार की हिंसा की स्थिति में निर्भीक होकर आगे आने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और इस तरह के अभियानों को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। सीएलएफ की प्रधान कविता देवी, उपप्रधान तरुणा, बुक कीपर दयावती, पंचायत चौकीदार पवन शर्मा, भरत गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।





