जिला सिरमौर की तहसील राजगढ़ के अंतर्गत गांव व डाकघर लेऊ नाना की होनहार बेटी कृतिका शर्मा ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) हमीरपुर से सिविल इंजीनियरिंग में बी-टेक की डिग्री प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से राजगढ़ क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।
कृतिका शर्मा ने अपनी प्राथमिक शिक्षा राजकीय प्राथमिक पाठशाला कलियों पाव एवं लेऊ कूफर से प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई उच्च विद्यालय कोटला बागी से की। नवीं से बारहवीं तक की शिक्षा उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला राजगढ़ से पूर्ण की। 10+2 उत्तीर्ण करने के बाद कृतिका ने देश की प्रतिष्ठित परीक्षा JEE Main बिना किसी कोचिंग के उत्तीर्ण कर NIT हमीरपुर में प्रवेश पाया, जो उनकी मेहनत और आत्मविश्वास का प्रमाण है।
NIT हमीरपुर में अध्ययन के दौरान कृतिका का अंतिम सेमेस्टर में देश की एक प्रतिष्ठित कंपनी में चयन भी हुआ, लेकिन उन्होंने उच्च अध्ययन को प्राथमिकता देते हुए आगे पढ़ने का निर्णय लिया है। यह निर्णय उनके दीर्घकालिक दृष्टिकोण और शैक्षणिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कृतिका शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय दादा-दादी, गुरुजनों, माता-पिता एवं चाचा-चाचियों को दिया है। उनके माता-पिता चंपा शर्मा एवं जयप्रकाश शर्मा दोनों अध्यापक हैं। उनके एक चाचा हरि ओम प्रकाश इसरो में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि दूसरे चाचा विजय प्रकाश पुलिस विभाग में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।
कृतिका शर्मा की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।





