January 23, 2026 5:12 pm

मानव कल्याण समिति अर्की ने मनाया अपना पंद्रहवाँ वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह

[adsforwp id="60"]

अर्की

मानव कल्याण समिति अर्की का पंद्रहवाँ वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह रविवार को स्थानीय गौ
रक्षक सभा के सामुदायिक भवन में सादे किन्तु प्रभावपूर्ण ढंग से मनाया गया। प्रधान राजिंदर गौतम,
उपप्रधान रोशनलाल वर्मा, समिति के संस्थापक डॉ० संत लाल शर्मा व पूर्व प्रधान मनोहर लाल आदि
ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में अर्की क्षेत्र का नाम रौशन करने पर
शेरपुर निवासी राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त गृहरक्षा एवम् नागरिक सुरक्षा विभाग से सेवानिवृत्त डिप्टी
कमांडेंट जगदीश चंद, मूल रूप से अर्की निवासी व नालागढ़ साहित्य कला मंच के संस्थापक डॉ०
यादव किशोर गौतम (पहाड़ी साहित्यकार ) व गत वर्ष इटली में आयोजित विशेष ओलंपिक्स में फ्लोर
बॉल में कांस्य पदक विजेता टीम की कप्तान गांव जाबल की कुमारी रिया को सम्मानित किया गया।
सत्र 2024-25 में सरकारी स्कूलों में तहसील स्तर पर जमा दो की परीक्षा में पहले तीन स्थान अर्जित
करने के लिए मांगू स्कूल के विद्यार्थियों, मोनिका, हिमेश व रक्षिता को जबकि मैट्रिक परीक्षा में
प्रथम स्थान के लिए दाड़ला स्कूल से हिमांशी, द्वितीय डुमेहर स्कूल से कुशल व बलेरा की दीपाली
तथा तृतीय स्थान के लिए धुंधन की हर्षिता को नकद राशि, प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह से नवाज़ा
गया। समिति के प्रथम सचिव रहे स्व० भवेशीराज शर्मा की पुण्य स्मृति में आशा शर्मा द्वारा छात्राओं
के लिए घोषित ‘बी०आर०शर्मा मैमोरियल पुरस्कार’ लिए जमा दो वर्ग में मांगू की रिद्धि व भूमति की
पूर्णिमा तथा मैट्रिक वर्ग में अर्की की खुशी व बसंतपुर की डिंपल को पुरस्कृत किया गया है।
उल्लेखनीय है कि समिति अब तक 108 बच्चों को पुरस्कृत कर चुकी है।
समारोह में, समिति को समय समय पर सहयोग देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों, निःशुल्क चिकित्सा
शिविरों में निःस्वार्थ सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, पैरा मैडिकल स्टाफ, स्वयंसेवियों व मीडिया बंधुओं
को भी सम्मानित किया गया।
आज के समारोह में हिमाचल एकेडमिक स्कूल बाहवां की छात्रा दृष्टि ठाकुर का एकल गान आकर्षण
का केंद्र रहा। ज्ञात हो कि यह छात्रा एकल गान में जिला स्तर पर प्रथम व प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान
प्राप्त कर चुकी है। इसी स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत समूहगान भी प्रदेश स्तर पर प्रथम रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले सभी बच्चों को समिति की ओर से इनाम बांटे गए।
इस अवसर पर पुरस्कृत बच्चों, उनके अभिवावकों व अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार
प्रस्तुत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से पुरस्कार विजेताओं का हौंसला तो बढ़ता ही है साथ ही
साथ अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलती है । डॉ यादव किशोर गौतम ने सभी मेघावी
विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की व प्रतिभाओं के प्रोहत्साहन के लिए समिति का
आभार जताया।
महासचिव राजेश कपाटिया ने बताया कि वर्ष 2010 में स्थापित यह समिति अपने ही संसाधनों से
हर वर्ष अर्की के दूर दराज क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, स्कूलों में नशा विरोधी कार्यक्रम व
सामान्य जागरूकता कैम्प आदि आयोजित करती है। गत नवंबर माह में समिति ने गांव बथालंग में
एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया था, जिसमें 370 से अधिक रोगियों की जांच की गई
जिनमें 91 वर्षीय वृद्धा अमरावती भी शामिल रही। सभी रोगियों को दवाएं समिति द्वारा मुफ्त उपलब्ध
करवाई गई व 70 से अधिक रोगियों को नज़र के चश्में भी फ्री वितरित किए गए। इस कैंप में 40 रोगियों की
ई०सी०जी०, 165 रोगियों का बोन मिनरल डेंसिटी टेस्ट, 79 रोगियों का कोलेस्ट्रॉल तथा 93 रोगियों की रक्त जांच
की गई। यह समिति द्वारा आयोजित उन्नीसवां शिविर था।
समिति के संस्थापक डॉ० संत लाल शर्मा ने जानकारी दी कि समिति आवश्यकतानुसार
जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता भी प्रदान करती है। अपने होम केयर चिकित्सा उपकरण बैंक
के माध्यम से समिति जरूरतमंदों को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, अल्फा मैट्रेस, व्हील चेयर, ऑक्सीमीटर,
ग्लूकोमीटर व थर्मामीटर आदि निःशुल्क उपलब्ध करवा रही है । उन्होंने ने जानकारी दी कि गत वर्ष
अनिवासी भारतीय अम्बा शर्मा जी के सहयोग से समिति को तीन ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर व
प्रमोद गुप्ता के माध्यम से एक अल्फा मैट्रेस और एक व्हील चेयर प्राप्त हुई है जो क्षेत्र की आम
जनता के प्रयोग में हैं।
अपने संबोधन में प्रधान राजिंदर गौतम ने युवा पीढ़ी को नशाखोरी से दूर रहने की सलाह दी, उन्होंने
आश्वस्त किया कि समिति भी अपने स्तर पर दुर्व्यसनों के प्रति जागरूकता के लिए अपने अभियान
में तेज़ी लाएगी। उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी प्रतिभाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल
भविष्य की कामना की साथ ही समिति को समय समय पर सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों, पधारे
हुए
सज्जनों व समारोह को सफल बनाने के लिए सभी बंधुओं का धन्यवाद किया ।
हिमाचल एकेडमिक स्कूल बाहवां के चेयरमैन रूप राम शर्मा, प्राचार्य मांगू स्कूल विनोद
बंसल सहित कई गणमान्य अतिथि, समिति को सहयोग देने वाले विशिष्ट व्यक्ति, समिति के
सदस्य व उनके परिवार जन आदि उपस्थित रहे ।

Leave a Reply