(अर्की) हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में 37 वर्षों तक विभिन्न पदों पर सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक परमानंद शर्मा का 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे भूमती (अर्की) के निवासी थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्व. परमानंद शर्मा ने एचआरटीसी में अपने लंबे सेवाकाल के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। उन्होंने बिलासपुर, नालागढ़ तथा कुल्लू डिपो के अंतर्गत मनाली में ट्रैफिक मैनेजर के रूप में सेवाएं प्रदान कीं। अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में वे एचआरटीसी मंडी डिपो से आरएम (इन्क्वायरी) के पद से सेवानिवृत्त हुए। वे एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार एवं अनुशासित अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए अर्की पेंशन फेडरेशन द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया था। स्व. परमानंद शर्मा का परिवार गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार से जुड़े रहे। उनके सुपुत्र राकेश शर्मा, जो कि गायत्री परिवार अर्की इकाई के संयोजक हैं, के माध्यम से परिवार सामाजिक व आध्यात्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। अपने पीछे परिवार में व्यवसायी राजेंद्र शर्मा, सेवानिवृत्त प्रवक्ता भौतिक विज्ञान राकेश शर्मा, पुत्रवधू महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षक मीना शर्मा तथा पोत्र प्रणव शर्मा शामिल हैं। क्षेत्र के गणमान्य लोगों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।




