(दाड़लाघाट) एनएच 205 से जाने वाले दाड़ला-कनस्वाला संपर्क सड़क मार्ग पर इन दिनों लगातार लग रहे जाम से आम जनता के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रातःकाल इस मार्ग से तीन-चार स्कूल बसें गुजरती हैं, लेकिन जाम के कारण बच्चे समय पर विद्यालय नहीं पहुंच पाते। लोगों के अनुसार इस संपर्क मार्ग पर दोनों ओर बनी मार्केट के बीच सड़क अत्यंत संकरी है। ऐसे में यदि दोनों दिशाओं से बड़े वाहन आमने-सामने आ जाएं तो तुरंत जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार जाम खुलने में एक घंटे तक का समय लग जाता है। स्थिति को और गंभीर बनाते हुए संपर्क मार्ग के एक ओर बेतरतीब ढंग से वाहन पार्क किए जाते हैं। शिव मंदिर मार्केट से लेकर सीनियर सेकेंडरी स्कूल दाड़ला तक जहां-जहां बड़े वाहनों के ओवरटेक करने की थोड़ी भी जगह उपलब्ध है, वहां निजी वाहनों को स्थाई रूप से खड़ा कर दिया जाता है। परिणामस्वरूप बड़े वाहनों का आमना-सामना होते ही जाम लगना तय हो जाता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग से गुजरने वाले रेत की ढुलाई में लगे टिप्पर भी जाम की समस्या में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि प्रातःकाल 10:00 बजे तक इस सड़क पर टिप्पर और ट्रकों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जाए, जिससे स्थिति में काफी सुधार हो सकता है। बुद्धिजीवियों ने सुझाव दिया है कि पुलिस प्रशासन शिव मंदिर से सीनियर सेकेंडरी स्कूल दाड़ला तक तीन-चार स्थान ऐसे स्थाई रूप से चिन्हित करे, जहां किसी भी प्रकार की पार्किंग न हो और बड़े वाहन आसानी से ओवरटेक कर सकें। तभी इस मार्ग पर जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो पाएगा। उधर, डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा का कहना है कि से यह मामला आज ही उनकी जानकारी में आया है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी तथा नो-पार्किंग स्थल चिन्हित करने एवं अन्य सुझावों पर विचार हेतु स्थानीय लोगों के साथ शीघ्र बैठक कर उचित निर्णय लिया जाएगा।




