राजकीय उच्च विद्यालय हनुमान बड़ोग में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अध्यापक मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक देश में मतदान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदान केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश की दिशा और भविष्य तय करने वाला एक संकल्पित निर्णय है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों याचना, नंद किशोर एवं शिवम ने चित्रकला के माध्यम से मतदान की सार्थकता को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया और लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में याचना की चित्रकला को श्रेष्ठ घोषित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य पी. सी. बट्टू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के संरक्षण हेतु असंख्य वीर-वीरांगनाओं ने अपने प्राणों की आहुति दी है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और प्रति वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे स्वयं भी मतदान के प्रति जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी अध्यापक एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।




