दाड़लाघाट की सन्याड़ी मोड़ पंचायत के छामला गांव की होनहार बेटी शगुन शुक्ला ने कृषि विकास अधिकारी (एडीओ) के पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। शगुन शुक्ला ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डी.ए.वी. स्कूल दाड़लाघाट से प्राप्त की। बचपन से ही मेधावी रही शगुन ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर से एम.एससी. (कृषि) की डिग्री हासिल की। वर्तमान में वे देश के प्रतिष्ठित पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना से पी.एच.डी. की पढ़ाई कर रही हैं, जो उनके निरंतर सीखने और आगे बढ़ने की सोच को दर्शाता है। शगुन शुक्ला के पिता रमेश शुक्ला एक व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माता अनुपमा शुक्ला शिक्षा विभाग में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। शगुन का कहना है कि माता-पिता का सहयोग, गुरुओं का मार्गदर्शन और मित्रों का विश्वास ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहा है। शगुन शुक्ला की इस सफलता पर पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि वे भविष्य में भी अपने कार्य से क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।




