26 जनवरी 2026 को नेहरू युवक मंडल मलावन, महिला मंडल मलावन एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से गांव मलावन में गणतंत्र दिवस का पर्व बड़े ही हर्ष, उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस गरिमामय अवसर पर गांव के सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गांव के वरिष्ठ नागरिक सेनूराम नेहरू युवक मंडल के प्रधान पुनीत बंसल, मुख्य सचिव भगत सिंह कौशल, महिला मंडल मलावन की प्रधान गुरमीत कौर तथा नेहरू युवक मंडल एवं महिला मंडल के सभी पदाधिकारियों एवं ग्रामवासियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके उपरांत देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। देशभक्ति गीतों, नृत्यों एवं प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम स्थल पर देशप्रेम का वातावरण बना रहा।
नेहरू युवक मंडल मलावन एवं महिला मंडल मलावन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला रहा, जिसकी सभी उपस्थितजनों ने प्रशंसा की।




