February 17, 2026 11:45 am

बैरल में जेंडर आधारित हिंसा के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

[adsforwp id="60"]

ग्राम पंचायत बैरल में जेंडर आधारित हिंसा के विरुद्ध एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सामाजिक स्तर पर समानता और सुरक्षा का संदेश देना रहा। इस अवसर पर महिला मंडल प्रधान चंद्रा कुमारी ने जानकारी दी कि आदर्श महिला ग्राम संगठन से आठ स्वयं सहायता समूह जुड़े हुए हैं, जिनसे लगभग 80 से 100 महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आवश्यक संसाधन और प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं ग्रामीणों को जेंडर आधारित हिंसा के विभिन्न स्वरूपों घरेलू हिंसा, मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न, भेदभाव, बाल विवाह और कार्यस्थल पर उत्पीड़न के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बताया गया कि जेंडर आधारित हिंसा केवल महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज को प्रभावित करती है। पूर्व जिला परिषद सदस्य दाड़ला वार्ड एडवोकेट रामकृष्ण शर्मा ने जेंडर जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जेंडर आधारित हिंसा एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिसे केवल कानून से नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे किसी भी प्रकार के शोषण या हिंसा के खिलाफ मजबूती से खड़ी हो सकें। बागा थाना से आए कर्मचारी हिमांशु शर्मा ने महिलाओं को कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा अधिनियम, महिला हेल्पलाइन नंबर, तथा आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया। उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार की हिंसा या अन्याय को चुपचाप सहन न करने और समय पर शिकायत दर्ज कराने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा प्राप्त करने और स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत होने पर जोर दिया। साथ ही यह संदेश दिया गया कि परिवार और समाज में स्त्री-पुरुष समानता, आपसी सम्मान और सहयोग से ही जेंडर आधारित हिंसा को समाप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान श्यामलाल शांडिल, पूर्व जिला परिषद सदस्य दाड़ला वार्ड एडवोकेट रामकृष्ण शर्मा, बागा थाना से कर्मचारी हिमांशु शर्मा, वन विभाग से रोशन लाल ठाकुर, पंकज कुमार, शिक्षा विभाग से देवराज, जितेंद्र कुमार, प्राइमरी स्कूल से दीप राम, डाक विभाग से इंदिरा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा वर्कर हल्या देवी, बागा पंचायत से महिला मंडल की प्रधान किरण चौहान, सिहराली वार्ड से जोगिंदर कुमार, सुरेश ठाकुर, महिला मंडल समूह की महिलाएं सहित अनेक अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Advertisement