- डॉ दीपिका चौहान का पीजीआई/एम्स की एमडी परीक्षा में पूरे देश मे पाया पहला स्थान
कुनिहार
अक्षरेश शर्मा
जिंदगी की असल उड़ान बाकी है,जिंदगी के कई इम्तेहान बाकी है।।
अभी तो मापी है मुठ्ठी भर जमीन हमने,अभी तो सारा आसमान बाकी है।।
उक्त पंक्तियां डॉ दीपिका चौहान पर सटीक बैठती है,जिन्होंने पीजीआई/एम्स की हुई परीक्षा में देश भर में पहला स्थान पा कर आसमान में उड़ान भरी है।परीक्षा में अव्वल स्थान पा कर नालागढ़ क्षेत्र की दीपिका चौहान ने जिला सोलन सहित प्रदेश व अपने माता पिता का नाम रोशन किया है। हिमाचल सरकार की ओर से स्पॉन्सर्ड कैंडिडेट डॉ दीपिका ने यह परीक्षा दी थी ।डॉ दीपिका ने ऑल इंडिया स्पॉन्सर्ड प्रतिनिधियों में 95 प्रतिशत अंक हासिल करके पूरे देश मे पहला स्थान हासिल किया है।
विदित रहे कि पिछले तीन वर्षों से सिविल हॉस्पिटल कुनिहार में डॉ दीपिका मेडिकल ऑफिसर के रूप में कार्यरत है।उन्होंने वर्ष 2014 में MBBS के लिए होने वाली NEET में अच्छे अंक हासिल करके परीक्षा उतीर्ण की थी।वर्ष 2019 में उन्होंने MBBS की पढ़ाई हिमाचल के कांगड़ा जिला के डॉ राजेन्द्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा से पूर्ण की थी,जिसके पश्चात वह अभी तक कुनिहार सिविल हॉस्पिटल में सेवाएं दे रही थी। ईश्वर,गुरुजनों व अपने माता पिता को अपनी कामयाबी का श्रेय देते हुए डॉ दीपिका ने बातचीत में कहा,कि इन सभी का उनकी इस सफलता में पूर्ण आशीर्वाद है। नालागढ़ के मियानिवाल गाँव की दीपिका के पिता शिक्षा विभाग में कार्यरत है,जबकि माता ग्रहणी है।
अब जल्द ही डॉ दीपिका अपनी एमडी की पढ़ाई पीजीआई चंडीगढ़ से पूरी करके देश मे बतौर एमडी चिकित्सक के रूप में स्किन रोगों के निदान के लिये सेवाएं देगी।





