सोलन ( चंडी )
पवन कुमार सिंघ
चंडी स्थित वी.एस.एल.एम. कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन के सभागार में आज भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस एवं जन्माष्टमी के पावन अवसर पर वी.एस.एल.एम. संस्कार भारती पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों तथा बी.एड. एवं डी.एल.एड. प्रशिक्षुओं द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में देशभक्ति एवं कृष्ण-भक्ति के गीत, नृत्य, नाटक तथा अन्य सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सुभाष ठाकुर रहे। उन्होंने कॉलेज प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया, जिसके पश्चात सभी ने मिलकर राष्ट्रगान गाया। तत्पश्चात कॉलेज सभागार में मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए तिरंगे की आन, बान और शान के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सभी शहीद वीरों एवं वीरांगनाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन समिति के सचिव चंद्र मोहन शर्मा एवं कॉलेज प्रधानाचार्य राज मणि शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में कॉलेज एवं वी.एस.एल.एम. संस्कार भारती पब्लिक स्कूल के समस्त स्टाफ सदस्य, बी.एड. एवं डी.एल.एड. प्रशिक्षु उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।




