राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नवगांव में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर के दूसरे व तीसरे दिन विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं। प्रत्येक दिन की शुरुआत में सभी स्वयंसेवियों ने प्रभात फेरी निकालकर ग्रामवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। इसके उपरांत योग एवं प्राणायाम सत्र आयोजित किया गया। बाद में स्वयंसेवियों ने पंचायत भवन परिसर की सफाई कर उसे सुंदर रूप से सजाया। साथ ही राजकीय प्राथमिक पाठशाला भवन तक जाने वाले मार्ग की झाड़ियों की सफाई की गई तथा विद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाया गया। बौद्धिक सत्र के दौरान विद्यालय में कार्यरत व्यवसायिक शिक्षिका भारती शर्मा ने व्यक्तित्व, सफाई एवं स्वास्थ्य विषय पर स्वयंसेवियों को प्रेरक जानकारी दी। तीसरे दिन के बौद्धिक सत्र में हिंदी अध्यापक धर्मपाल शुक्ला ने नई शिक्षा नीति 2020 पर अपने विचार रखे और विद्यार्थियों को शिक्षा में हो रहे सकारात्मक बदलावों से अवगत कराया। सांध्यकालीन सत्र में प्रतिदिन स्वयंसेवक विद्यालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करते हैं। आरती के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय और ऊर्जा से परिपूर्ण हो उठता है।





