February 5, 2026 8:42 am

दाड़लाघाट के स्यार में हाई मास्ट लाइट व स्ट्रीट लाइट कई दिनों से पड़ी बंद,लोगो को सड़क पर हो रही परेशानी

[adsforwp id="60"]

स्यार में जल शक्ति विभाग के सामने ग्राम पंचायत दाड़लाघाट द्वारा लाखों रुपये की लागत से लगाई गई हाई मास्ट लाइट पिछले कई दिनों से बंद पड़ी है। हैरानी की बात है कि इस ओर न तो ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों का ध्यान जा रहा है और न ही प्रशासन कोई संज्ञान ले रहा है। इसके अलावा पंचायत द्वारा सड़क किनारे लगाई गई स्ट्रीट लाइटें भी लंबे समय से बंद हैं। लाइटें बंद होने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों को रात के समय सड़क पार करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दृश्यता कम होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। कई दिनों से शिकायतों के बावजूद न ग्राम पंचायत दाड़लाघाट और न ही विद्युत विभाग के अधिकारियों की ओर से इस समस्या को दूर करने के लिए कोई कदम उठाया गया है। स्थानीय लोगों एवं दुकानदारो नीरज कपिला, प्रदीप, सुमन, भरत, मुकेश, हेमराज और कमल का कहना है कि कस्बे को रोशन करने के उद्देश्य से लगाई गई हाई मास्ट लाइटें तथा सड़क किनारे की लाइटें पंचायत की अनदेखी के कारण अब अंधेरे में बुत की तरह खड़ी हैं। जिस लाइट से पूरे क्षेत्र में उजाला होता था, वह अब शोपीस बनकर रह गई है। लोगों ने बताया कि लाइटें ठीक न होने से चोरी जैसी वारदातों की आशंका बढ़ गई है। वहीं तेज रफ्तार वाहनों के बीच हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या का खामियाजा आम जनता, दुकानदारों और राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने ग्राम पंचायत तथा संबंधित विभागों से जल्द से जल्द लाइटें ठीक करवाकर क्षेत्र में पूर्व की भांति रोशनी बहाल करने की मांग की है।

कनिष्ठ अभियंता विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट हितेश गौतम का कहना है कि हाई मास्ट लाइट का रख-रखाव ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के अधीन है। वहीं सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य विद्युत विभाग द्वारा किया जा रहा है और इन्हें जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा।

प्रधान ग्राम पंचायत दाड़लाघाट बंसी राम भाटिया का कहना है कि इस मास्ट लाइट को कई बार ठीक करवाया जा चुका है, लेकिन यह बार-बार खराब हो जाती है। पंचायत के पास इसे लगातार दुरुस्त करने के लिए पर्याप्त बजट नहीं है। उन्होंने बताया कि अब पंचायत ने इस हाई मास्ट लाइट को सोलर सिस्टम में कन्वर्ट करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही क्षेत्र में सोलर लाइटें भी स्थापित की गई हैं ताकि रोशनी बनी रहे।

Leave a Reply

Advertisement